एटा। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत बृहस्पतिवार को शहर में साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। बालक वर्ग में हिंदुस्तान लीवर निवासी मनीष कुमार और बालिका वर्ग में यादव नगर निवासी खुशबू की साइकिलें सरपट दौड़ीं। दोनों ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।
रेस पं. गोविंद वल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू की गई, जो अलीगंज तिराहे से वापस स्टेडियम पर संपन्न हुई। बालक वर्ग में चिलासनी के धर्मेंद्र बघेल दूसरे, नगला घने के शिवम कुमार तीसरे स्थान पर रहे। जबकि बालिका वर्ग में जलेसर की भावना ने दूसरा और नगला मदी की ज्योति ने तीसरा स्थान हासिल किया। एएसडीएम अलंकार अग्निहोत्री ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। एसआई राजपाल सिंह, महेंद्र सिंह, व्यायाम शिक्षक इंद्रेश कुमार, दलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
रेस के तहत साइकिल सवार प्रतिभागी जब अलीगंज तिराहे से वापस लौट रहे थे, तब अव्यवस्थाएं हावी हो गईं। ट्रैक पर न तो कोई डायवर्जन किया गया और न ही आगे चल रहे लोगों को हटाया गया। स्टेडियम के पास अचानक एक वाहन सामने आ जाने से तेज साइकिल सवार ने ब्रेक लगाए तो कई साइकिल आपस में भिड़ गईं। इसमें चार प्रतिभागी जख्मी हो गए। धर्मेंद्र को चोटें अधिक होने की वजह से एंबुलेंस बुलाकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।