एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित इंडियन बैंक में तैनात एक कर्मी पर दो लाख से अधिक रकम निकालने का आरोप है। किसान सहित दो लोगों ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कर्मचारी द्वारा विश्वास में लेकर धोखाधड़ी करने की बात कही जा रही है।
शहर के मोहल्ला सराय मिश्र निवासी दयाशंकर गुप्ता की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया कि इंडियन बैंक के कर्मचारी रवी कुमार ने विश्वास में ले लिया, इसके बाद जल्दी में होने के चलते 20 हजार रुपये नकदी जमा करने के लिए दी गई तो उसने फर्जी रसीद देकर रकम को हड़प लिया, जबकि 30 हजार रुपये खाता से निकालने का आरोप लगाया गया है।
वहीं कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव भदों निवासी किसान थान सिंह ने बताया कि दो बार में 50-50 हजार रुपये निकाले गए हैं, जबकि एक बार में 40 हजार और 20 हजार रुपये जमा करने के लिए दिए गए तो फर्जी रसीद थमा दी गई। किसान ने भी कोतवाली नगर पहुंचकर बैंक कर्मी को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बैंक कर्मी के खिलाफ दो तहरीर मिली है, दोनों पर मुकदमा दर्ज करा दिया है, मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।