अलीगंज में दंगल के दौरान जोर-आजमाइश करते पहलवान।संवाद
- फोटो : ETAH
अलीगंज(एटा)। नगर में गमा देवी मंदिर के पास मैदान में अंतरराष्ट्रीय दंगल का आयोजन किया जा रहा है। दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न राज्यों और दूसरे देशों से आए पहलवानों ने दांवपेच दिखाए। एक प्रमुख कुश्ती में हरियाणा के पहलवान मुन्ना टाइगर ने काठमांडु (नेपाल) से आए पहलवान लकी थापा को पटखनी देकर मैच जीता।
इससे पहले मंगलवार को लकी थाना ने अपने से डेढ़ गुना वजन वर्ग के दो पहलवानों को चित किया था। पटियाला से आए पहलवान विक्की व जम्मू कश्मीर से अकाल पहल के मध्य कुश्ती में अकाल पहल की जीत हुई। अयोध्या से आए बाबा हरिओम दास ने मोदीनगर से आए मोंटी पहलवान पर जीत दर्ज की। हरियाणा से आए भोला को सिंकदाराऊ से आए आशिफ ने हराया। आयोजक सादिक पहलवान ने बताया कि कार्यक्रम 20 नवंबर तक चलेगा।
बने झगड़े के हालात, मुश्किल से किया गया नियंत्रण
दंगल में दूसरे दिन अव्यवस्था हावी रही। कुछ पहलवान नियमों को दरकिनार कर मैच खेलने लगे। जिस पर उनमें आपस में झगड़े के हालात बन गए। काफी मुश्किल से रैफरी व आयोजकों ने पहलवानों पर नियंत्रण पाया। इस बीच दर्शक पानी के लिए तरस गए।