अलीगंज। गांव ससोता दोषपुर की वृद्ध महिला को उसके ही पुत्र ने धोखाधड़ी का शिकार बना दिया। बैंक खाता खुलवाने तथा वृद्धावस्था पेंशन बनवाने का झांसा देकर तहसील लाया और छह बीघा जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। वृद्वा को जानकारी हुई तो वह थाने पहुंची और घटना को बयां करते हुए उप जिला अधिकारी से कार्रवाई की मांग की।
ग्राम ससोता दोषपुर निवासी भीकम सिंह की पत्नी नुरका लगभग 95 वर्ष की हैं। एसडीएम वेदप्रिय आर्य से मिलकर बताया कि 11 अगस्त को पुत्र ओमकार यह कहते हुए तहसील लाया कि तुम्हारी पेंशन बनवा देंगे। जिसके लिए तुम्हारा खाता खुलेगा। पुत्र के विश्वास में मैं तहसील पहुंच गई। जहां उसने मेरी बिना सहमति के धोखे से खेत का बैनामा करा लिया। इसके बाद वृद्वा छोटे पुत्र के बेटे सुनील को साथ लेकर थाने पहुंची। कोतवाली प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।