एटा। धनतेरस के मौके पर शनिवार को लोगों ने बाजार में जमकर खरीदारी की। व्यापारियों के लिए मंगलमय बनी धनतेरस पर खूब धन बरसा। पूरे जिले के बाजारों में करीब 98 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। ऑटोमोबाइल, सराफा, बर्तन बाजार और वाहनों के बाजार की खरीदारी में खासा उछाल देखने को मिला। इसके अलावा कपड़ा बाजार में भी चार करोड़ रुपये की धन वर्षा हुई। इसके अलावा लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, झाड़ू आदि की भी छह करोड़ की खरीदारी हुई। देरशाम तक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली।
धनतेरस के मौके पर लोगों में सबसे अधिक उत्साह दोपहिया और चार पहिया वाहन खरीदने का रहा। सुबह के समय शोरूम खुलते ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। अधिकांश वाहनों को एडवांस बुकिंग हो चुकी थी। बुकिंग कराने वालों को आसानी से वाहन उपलब्ध हो गए। वहीं बिना बुकिंग वाहन खरीदने पहुंचे लोगों को काफी कम वाहन मिले। घंटाघर, बाबूगंज, मैनगंज, बर्तन बाजार, सराफा बाजार, गांधी मार्केट, हाथी गेट, सुभाष मूर्ति, आदि बाजारों में जबरदस्त भीड़ रही। कपड़ा व्यपारी आकाश गुप्ता ने बताया कि जिलेभर में शनिवार को करीब चार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। वहीं दो करोड़ रुपये से अधिक के दीपक और सजावटी सामान आदि की भी बिक्री हुई।
सराफा बाजार में 12 करोड़ का कारोबार
शहर के बाबूगंज, घंटाघर और गांधी मार्केट में सुबह से ही सराफा कारोबारी अपने प्रतिष्ठान खोलकर बैठ गए थे। वहीं ग्राहकों का भी आना जाना शुरू हो गया, करीब दस बजे से देर रात नौ बजे तक सराफा की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि धनतेरस के मौके पर पूरे जिले में करीब 12 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। चांदी के आभूषण और सिक्के अधिक खरीदे गए। सोने के आभूषणओं के अलावा लक्ष्मी गणेश की प्रतिमाएं भी खरीदी गईं।
60 करोड़ रुपये के बिक गए वाहन
दीपोत्सव पर ऑटोमोबाइल सेक्टर खूब चमका, करीब पांच माह से पहले धनतेरस के दिन की बुकिंग कराने वालों की भीड़ देखने को मिली। बुकिंग कराने वाले ग्राहक सुबह दस बजते ही शोरूम पर पहुंचने लगे थे। अपनी नई गाड़ियों में अलग से एसेसरीज लगवाते नजर आए। रात को करीब दस बजे तक शोरूम से गाड़ियां निकलती नजर आईं। वहीं पूरे जिले में शनिवार को करीब 60 करोड़ रुपये तक के वाहनों की बिक्री हुई।
15 करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की बिक्री
शनिवार को सुबह से ही बाजार गुलजार था। लोग घर की आवश्यक वस्तुओं को खरीदते रहे। इस दौरान लोग अपने घरों को इलेक्ट्रॉनिक झालरों से सजाने के लिए खरीदारी करते नजर आए। सबसे अधिक स्वदेशी झालरों की अधिक डिमांड रही। वहीं कुछ लोग चाइनीज झालर खरीदकर ही काम चला रहे थे। इसके अतिरिक्त लोगों ने मोबाइल और लैपटॉप, एलईडी, साउंड सिस्टम, फ्रिज वॉशिंग मशीन आदि की भी खरीदारी की गई। जिले में करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
मिठाई की दुकानों से 5 करोड़ की खरीदारी
शहर के घंटाघर, हाथी गेट, जीटी रोड, रेलवे रोड, समेत अन्य मार्गों पर मिठाई विक्रेताओं ने शुक्रवार को ही दुकानों पर मिठाइयां सजाकर रख ली थीं। शनिवार को सुबह से ही मिठाइयों की खरीदारी का दौर चलता रहा। वहीं गिफ्ट की दुकानों पर लोग एक दूसरे को गिफ्ट देने के लिए मिठाइयां खरीदते नजर आए। शाम तक करीब 5 करोड़ रुपये की मिठाई की बिक्री हुई।
धनतेरस के मौके पर लोगों ने सबसे अधिक लक्ष्मी गणेश जी की मूर्तियों की खरीदारी की। वहीं डॉलर की भी अधिक मांग रही। देर शाम तक लोग खरीदारी करते रहे। - अमन गुप्ता, सराफा कारोबारी
धनतेरस के मौके पर पहले से बुकिंग करा चुके ग्राहकों ने देर शाम तक अपने दुपहिया व चारपहिया वाहनों की खरीदारी की गई। रात 10 बजे तक शोरूम से वाहनों का उठान होता रहा। - सौरभ पांडेय, मैनेजर, होंडा शोरूम
---------
धनतेरस व दिवाली को लेकर लोगों ने मिठाइयों की खरीदारी करना शुरू कर दिया है। देर सांय तक मिठाइयों की खरीदारी होती रही है। - मनोज जैन, मिठाई विक्रेता
धनतेरस के मौके पर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतार देखने को मिली। कोई चाइनीज झालर तो कोई स्वेदशी झालरों के साथ घर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीद कर ले जाते रहे हैं। - दीपक पचौरी, इलेक्ट्रॉनिक विक्रेता