एटा। चुनाव यात्रा सफर के महत्वपूर्ण पड़ाव मतदान की ओर बढ़ चली है। इसके साथ ही अब सभी प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों ने ताकत झोंकना शुरू कर दिया है। सपा प्रत्याशी के पक्ष में पूर्व सीएम अखिलेश यादव की एटा में जनसभा का कार्यक्रम तय हो गया है। उनसे मुकाबले के लिए भाजपा पीएम मोदी का कार्यक्रम मांग रही है।
स्थानीय स्तर पर चुनावी घमासान चरम पर है। मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी जहां खुद नुक्कड़ सभाएं, जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। वहीं भाजपा के सभी विधायक, सांसद के पुत्र प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने भी चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाल रखा है। यह नहीं भाजपा की ओर से अपने प्रत्याशी के समर्थन में एक सभा कासगंज में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की भी कराई जा चुकी है। जबकि सपा खेमा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तुलना में भाजपा से कमजोर है। वहीं किसी बड़े पार्टी नेता की भी अभी तक कोई चुनावी सभा नहीं हुई है। सपा प्रत्याशी देवेश शाक्य स्थानीय पदाधिकारियों के साथ जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाओं में मेहनत कर रहे हैं।
लेकिन पार्टी के लिए यह मजबूती की बात है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा का कार्यक्रम समय रहते मिल गया है। इस लोकसभा सीट पर मतदान 7 मई को होना है। इससे पहले ही 28 अप्रैल को अखिलेश यादव एटा आकर चुनावी जनसभा करेंगे। जिसका सीधा असर चुनावी माहौल पर पड़ेगा। सपा के पक्ष में बनने वाली इस हवा के रुख को मोड़ने के लिए भाजपा पीएम मोदी को यहां लाना चाहती है। स्थानीय पदाधिकारियों और संगठन के ओर से तय किए गए लोकसभा क्षेत्र प्रभारियों ने भी संगठन में पीएम मोदी की जनसभा की मांग भेज दी है। हालांकि अभी इसको लेकर हरी झंडी नहीं मिली है।
पिछले दो चुनावों में आ चुके हैं मोदी
नरेंद्र मोदी पिछले दोनों लोकसभा चुनाव में एटा में आ चुके हैं। 2014 के चुनाव के दौरान वह गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में आए थे। उनकी चुनावी जनसभा शहर के सैनिक पड़ाव में हुई। जिसमें भीड़ के रिकॉर्ड बन गए थे। वहीं 2019 के चुनाव में बतौर प्रधानमंत्री वह जनसभा करने आए थे। इसी मैदान पर फिर सभा हुई और फिर अपार भीड़ जुटी थी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का कार्यक्रम प्राप्त हो गया है। 28 अप्रैल को वह एटा में आएंगे। सैनिक पड़ाव में जनसभा की जाएगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। - भूपेंद्र प्रजापति, जिला महासचिव सपा
प्रधानमंत्री जी का कार्यक्रम मांगा है। एटा लोकसभा क्षेत्र के तहत एटा में ही जनसभा के लिए मांग की गई है। पूरी उम्मीद है कि कार्यक्रम तय होगा और जल्द ही पीएम मोदी यहां आएंगे। - संदीप जैन, जिलाध्यक्ष भाजपा