अलीगंज। भाजपा विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने सोमवार को अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड पहुंचकर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा का निरीक्षण किया। इस दौरान एक साथ तीन ग्रामीण बसें बस स्टैंड पर खड़ी मिलने पर नाराजगी जताई। विधायक ने बताया कि क्षेत्रीय प्रधानों और नगर पंचायत अध्यक्षों ने राजा का रामपुर, अमरोली रतनपुर समेत ग्रामीण क्षेत्रों से बसों के निर्धारित समय पर संचालन नहीं होने की शिकायत की थी। बसों का ग्रामीण क्षेत्रों के बजाय अलीगंज से एटा के बीच मनमाने ढंग से संचालन किया जा रहा है। विधायक ने उच्चाधिकारियों व शासन से शिकायत करने की बात कही।