एटा। जनपद के कुछ माध्यमिक विद्यालयों में मान्यता गणित-विज्ञान की है। लेकिन वहां गृह विज्ञान की कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं। ऐसी जानकारी माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मिली तो उन्होंने विद्यालयों के संचालकों सहित प्रधानाचार्यों से मान्यता का पत्र मांगा है। इसके बाद टीम बनाकर अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण कराया जाएगा। अगर बिना मान्यता वाली कक्षाएं संचालित होती मिलीं तो कार्रवाई की जाएगी।
एडीआईओएस क्षेत्रपाल सिंह ने बताया कि जिले मे राजकीय, सहायता प्राप्त व वित्तविहीन 564 विद्यालय संचालित हैं। जानकारी मिल रही है कि शहर व देहात में कुछ विद्यालय ऐसे हैं जिनके पास गणित व विज्ञान वर्ग की मान्यता है और उनके यहां गृह विज्ञान की कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। यह विद्यार्थियों के हित में नहीं है। बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में भाी आता है। वहीं विद्यार्थियों के साथ खिलवाड़ है। क्योंकि गृह विज्ञान में लैब आदि की जरूरत होती है। जिन विद्यालयों में मान्यता नहीं है और कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। वहां विद्यार्थियों को पूरी जानकारी भी नहीं मिल पाती है। बोर्ड परीक्षा के दौरान ऐसे मामले में सामने आते हैं। इसी को लेकर गूगल सीट पर विद्यालयों के संचालकों से मान्यता पत्र मांगा गया है।