एटा। थाना अमांपुर जिला कासगंज के गांव फकौता में दीवार पर प्लास्टर करते समय राजमिस्त्री की गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और परिजन को सूचना दी गई है।
गांव फकौता निवासी जयवीर सिंह ने बताया कि मकान पर काम चल रहा है। सोमवार को दोपहर के समय चिनाई के बाद प्लास्टर का काम चल रहा था। गांव नादरमई निवासी राजमिस्त्री रंजीत (35) काम कर रहे थे। उसी समय अचानक से काम करते समय ही वह ऊपर से नीचे गिर पड़े। उनको लेकर हम लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज एटा के लिए रेफर कर दिया। यहां पहुंचे तो चिकित्सक ने रंजीत को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही परिजन को भी दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।