एटा। छोटे-छोटे मामलों में गिरफ्तारी करने पर अपनी पीठ थपथपाने वाली जैथरा पुलिस ने डिप्टी सीएमओ पर हमले के मुख्य आरोपी को गुपचुप तरीके से जेल भेज दिया। इसकी किसी को भनक तक नहीं हुई। इस तरह की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
जैथरा थाना क्षेत्र के गांव सहोरी में डिप्टी सीएमओ और कर्मचारियों को बंधक बनाकर पीट दिया गया था। गांव सहोरी में अनधिकृत रूप से चिकित्सकीय कार्य करने की शिकायत पर 5 सितंबर को डिप्टी सीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार और कर्मचारी गांव में पहुंचे। वहां बिना रजिस्ट्रेशन और डिग्री के यतेंद्र यादव क्लीनिक चलाते मिला। मरीजों की काफी भीड़ थी। अचानक झोलाछाप के इशारे पर टीम को दुकान का शटर डालकर बंधक बना लिया गया और पीटा गया। डिप्टी सीएमओ ने इस मामले में 22 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने 2 आरोपियों को घटना के दो दिन बाद ही जेल भेज दिया था।
जबकि मुख्य आरोपी यतेंद्र सिंह यादव उर्फ अतेंद्र को 7 अक्तूबर की शाम गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसकी गिरफ्तारी के संबंध में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। अधिवक्ता प्रशांत पुंढीर ने बताया कि थाना पुलिस ने यतेंद्र यादव को उत्तराखंड के टनकपुर से पकड़ा था। सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। वैसे हर कार्रवाई के बारे में सूचना सार्वजनिक की जाती है।