एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव शाहपुर में रविवार की देर शाम दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस वारदात में पिटाई से एक युवक घायल होने के बाद बेहोश हो गया। जबकि थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव उमरायपुर में चले लाठी डंडों की वजह से एक वृद्घ बेहोश हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव उमरायपुर निवासी पप्पू सिंह और लालाराम के परिवारीजन में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। दोनों ओर से लाठी-डंडों के चलते पप्पू सिंह, इसकी पत्नी कांता देवी घायल हो गए, जबकि पप्पू बेहोश हो गया। वहीं दूसरी पक्ष से मीरा देवी पत्नी हेतराम घायल हुईं हैं। तीनों को देर शाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, पप्पू को रेफर किया गया है। घायल पप्पू के पुत्र सतेंद्र ने गांव के ही लालाराम सहित 10 के खिलाफ और नीलम कुमार द्वारा पप्पू सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि पप्पू के खेत में लालाराम के खेत का पानी कट गया था। इसका विरोध किया गया तो झगड़ा हो गया और लाठी-डंडे चल गए। दोनों पक्षों का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वहीं थाना बागवाला क्षेत्र के गावं शाहपुर में झगड़े के दौरान चले लाठी डंडों की वारदात में गला दबाने से पंकज कुमार के बेेहोश होने का आरोप लगाया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के अनेक सिंह का 10 वर्षीय पुत्र रामकिशन को चोटें आने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पंकज के भतीजे गोविंद ने अनेक सिंह सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है।