एटा। अलीगंज क्षेत्र में छात्रा की हत्या होने के बाद से अब तक खुलासा नहीं होने को लेकर मंगलवार की दोपहर भारतीय कश्यप सेना संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से शहर में प्रदर्शन किया गया। बाद में कचहरी पहुंचकर अधिकारियों को जल्द खुलासा करने के लिए ज्ञापन दिया गया।
संगठन के पदाधिकारियों की ओर से शहर के जीटी रोड और कचहरी रोड पर प्रदर्शन कर बेटी को न्याय दिलाने और अपराधियों को फांसी की सजा दिलाने की नारेबाजी कर मांग की गई। इसके बाद कचहरी पर सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, एएसपी धनंजय सिंह, एसडीएम भावना विमल भी पहुंच गईं। संगठन के पदाधिकारियों को समझा बुझाकर शांत किया गया।
ज्ञापन में कहा कि 23 सितंबर को वारदात को लेकर एसएसपी और जिलाधिकारी से संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह खालसा ने मुलाकात की थी, तब दोनों अधिकारियों ने चार दिन का समय मांगा गया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हो सका है। अब लगातार धरना स्थल पर संगठन रहकर शांतिपूर्ण ढंग से बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगा। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष अमित कश्यप, जिलाध्यक्ष अजय कश्यप सहारनपुर, मोहित कश्यप, गौरव, नागेंद्र प्रजापति, अभिषेक कश्यप, मयंक कठेरिया आदि मौजूद रहे।