कानून व्यवस्था को लेकर गरजे सपाई
- फोटो : amar ujala
हत्या, लूट की बढ़ती घटनाओं को लेकर सोमवार को सपाइयों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष अशरफ हुसैन ने कहा कि भाजपा की सरकार आते ही प्रदेश में अराजकता बढ़ रही है। भाजपा, आरएसएस, बजरंग दल, विहिप, युवा मोर्चा समेत तमाम संगठनों ने कानून व्यवस्था का मखौल बना रखा है। प्रदेश में डकैती, बलात्कार, अपहरण, लूट की घटनाएं बढ़ गईं हैं। दलितों और कमजोरों का उत्पीड़न हो रहा है। प्रदेश में दो महीने में जंगलराज कायम है। पूर्व विधायक अलीगंज रामेश्वर सिंह यादव ने कहा कि दो महीने में सहारनपुर में बवाल, मथुरा में डकैती और हत्याकांड, जेवर में बलात्कार, बनारस में 10 करोड़ रुपये की डकैती, गोरखपुर, इलाहाबाद में हत्याएं हुईं। सरकार इन घटनाओं को रोकने में पूरी तरह से विफल है। नारेबाजी करते सपा कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। मौके पर पूर्व विधायक रणजीत सुमन, अमित गौरव यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेेंद्र सिंह यादव, अजय यादव, सुनील यादव, राजकिशोर, राजू यादव, लालकांत यादव, शशांक यादव, शराफत हुसैन काले, सुभाष शाक्य, अमर सिंह वर्मा, प्रदीप यादव मौजूद रहे।