मेहता पार्क के पास सड़क पर जाली टूटी होने की वजह से स्थानीय लोगों द्वारा लगाई गई झंडी ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। शहर के मेहता रोड पर पार्क के पास पुलिया की जाली एक सप्ताह से टूटी हुई है। जिसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जाली टूटने की वजह से हादसों का खतरा बना हुआ है। शिकायत के बावजूद नगर पालिका परिषद की ओर से मरम्मत नहीं कराई गई है।
कैलाशगंज मार्ग पर स्थित मेहता पार्क के पास गली बल्देव सहाय के ठीक सामने एक पुलिया बनी हुई है। जहां से गंदा पानी होकर गुजरता है। इस पुलिया की सफाई के लिए सड़क किनारे एक जाली लगाई गई है जो पूरी तरह से टूट कर इसमें गिर चुकी है। एक सप्ताह से यह जाली टूटी हुई है। जिसको लेकर स्थानीय लोगों द्वारा नगर पालिका में शिकायत भी की गई लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिवाली के मौके पर यहां पर बहुत भीड़ होने की वजह से कई दोपहिया व चारपहिया वाहन फंस चुके हैं। जिससे वाहन चालकों को काफी नुकसान भी हुआ है। वहीं चोटिल होने का भी खतरा रहता है। उसके बाद भी इस जाली को नहीं लगवाया गया है।