एटा के जैथरा में एक नलकूप कनेक्शन जोड़े जाने का विरोध करते हुए कुछ लोग बिजली दफ्तर में घुस आए। वहां मौजूद एसडीओ (उपखंड अधिकारी) को रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया। जान से मारने की धमकी दी। जेई व अन्य विद्युत कर्मियों से गाली-गलौज व हाथापाई करने का भी आरोप है। एसडीओ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसडीओ रोशन कुमार चौधरी ने बताया कि 21 अगस्त को उन्होंने गांव चिलौली में देवेंद्र कुमार के न लकूप का कनेक्शन जुड़वाया था। इसके विरोध में सोमवार सुबह 11.50 बजे इसी गांव का जीतू राठौर और गुलेश कुमार मोहल्ला बस्ती व पांच-छह अज्ञात लोग घुस आए। कनेक्शन को तत्काल हटवाने की बात कहते हुए मेरी मेज पर तमंचा और रिवॉल्वर रख दिए। अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि तेरे सीने में गोली मार दूंगा। अवर अभियंता संदीप कुमार को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए गालियां दीं। जेई धर्मेंद्र कुमार, लिपिक दीपक कुमार प्रजापति, संविदा कर्मी अभिषेक मिश्रा, रजनीश यादव, सत्येंद्र यादव व अमित कुमार ने हाथापाई व धक्का-मुक्की की।
एसडीओ का यह भी आरोप है कि उनके लैपटॉप को पटककर बंद कर दिया और मोबाइल फोन फर्श पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया। वहां मौजूद उपभोक्ताओं को डरा-धमकाकर भगा दिया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। यह भी बताया कि इन लोगों ने तमंचा रखकर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की है। केस दर्ज कराने, वीडियोग्राफी, फोटो को वायरल कर कार्रवाई कराने की धमकी दी। थाना प्रभारी फूलचंद ने बताया कि एसडीओ की तहरीर मिली थी। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।