कोतवाली नगर पुलिस की गिरफ्त मे वाहन चोर। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने शहर के शिवसिंहपुर तिराहे के पास से अंतरजनपदीय ऑटो लिफ्टर गैंग के आठ सदस्यों को पकड़ा है। इनसे 12 बाइकें बरामद की गई हैं।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने पुलिस लाइन में बताया कि छोटू उर्फ जीतू निवासी बनगांव, शाहिल निवासी पोता नगला चौक, नीरज कुमार निवासी गल्ला मंडी एटा, वाहिद खान उर्फ छोटू व आकाश निवासी सखनपुर थाना फरिहा फिरोजाबाद, नारायण शर्मा व मोनू निवासी स्टेशन रोड शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और वाहन काटने वाला गुलजार निवासी किदवई नगर थाना कोतवाली नगर पकड़े गए हैं। इनकी निशानदेही पर चोरी की 12 बाइकें बरामद की गईं हैं। बताया कि इन लोगों का एक संगठित गिरोह है, जो वाहन चोरी, लूट आदि की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस की नजर से बचने के लिए आसपास के जिलों से बाइक चोरी कर दूसरे जिलों में बेचते थे।
किदवई नगर में गुलजार बदलता था इंजन व नंबर प्लेटें
एसएसपी ने बताया कि किदवई नगर निवासी गुलजार के पास चोरी की बाइकें लाईं जाती थीं। यहां इंजन और नंबर प्लेटें बदली जाती थीं। इसके बाद बिक्री होती थी। बरामद बाइकों में से एक कासगंज, एक सिकंदराराऊ और एक कोतवाली नगर में पंजीकृत मुकदमों से संबंधित हैं। मोनू के खिलाफ तीन, आकाश पर सात मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।