एटा। जनपद में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ जिलाधिकारी एम अरुन्मोली के निर्देश पर प्रशासन ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। बुधवार की देर रात को अलग-अलग क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान एक बुल्डोजर और 5 ट्रैक्टर अवैध खनन एवं मिट्टी परिवहन में संलिप्त पाए गए। जलेसर तहसील के बेरनी पंचायत के नगबाई गांव में अवैध खनन करते जेसीबी पकड़ी गई। वहीं नगला केवल, ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र और निधौली कलां के झिनवार गांव में 5 ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी 6 वाहनों को संबंधित थानों एवं पुलिस चौकियों पर निरुद्ध कराया गया है। जिलाधिकारी एम अरुन्मोली ने खनन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई करने और लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।