एटा। स्कूटी पर सवार दो युवतियों के साथ अभद्रता के मामले में दरोगा और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने शराब के नशे में स्कूटी पर सवार दो युवतियों के साथ अभद्रता की थी। इसके बाद कोतवाली नगर के बारे हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। बाद में एसएसपी ने इस मामले में दोनों लोगों को निलंबित कर दिया।बृहस्पतिवार की रात करीब 9 बजे स्कूटी पर सवार दो युवती बस स्टैंड से बाजार की ओर जा रही थी। बस स्टैंड से ही बलेनो कार से सिविल ड्रेस में दरोगा राहुल बालियान और हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह ने काफी दूरी तक उनका पीछा किया। बार-बार हॉर्न बजाया और टक्कर मारने की कोशिश की। युवतियों ने कई बार इशारा कर उन्हें आगे निकल जाने को कहा लेकिन वे नहीं माने और लगभग एक किलोमीटर तक उनका पीछा करते रहे। स्कूटी के बराबर कार लाकर उन्होंने कहा कि लड़की हो लड़की की तरह रहो, वरना उठाकर पटक दूंगा। युवतियों ने इसका विरोध किया तो कार स्कूटी के आगे रोक दी गई। आरोप है कि दरोगा ने कार में बैठे-बैठे अपना आईडी कार्ड दिखाते हुए धमकाया। इस पर युवतियों ने हेड कांस्टेबल का आईडी कार्ड छीन लिया। इसके बाद सड़क पर बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा चला। इस दौरान दोनों पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी दरोगा और सिपाही को भीड़ से छुड़ाकर थाने पहुंचाया। बाद में एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने दरोगा और हेड कांस्टेबल को शराब के नशे में होने पर निलंबित कर दिया। एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर युवतियों का नोकझोंक का वीडियो वायरल हो रहा है। घटना का संज्ञान लिया गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।