मेडिकल कॉलेज के दवा काउंटर पर मरीजो की लगी लंबी लाइन ।
- फोटो : ETAH
एटा। इन दिनों वायरल बुखार के पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मरीजों में प्लेटलेट्स कम होने की स्थिति सामने आ रही है। मेडिकल कॉलेज की एमसीएच विंग में प्रतिदिन पांच से छह मरीज बुखार से पीड़ित भर्ती किए जा रहे हैं। पांच दिनों के अंतराल में सर्वाधिक 1797 मरीज बुधवार को मेडिकल कॉलेज में पहुंचे।
डॉक्टर चेतन चौहान ने बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन 70 से 80 मरीज बुखार के पीड़ित पहुंच रहे हैं। हालांकि मरीजों में डेंगू व मलेरिया की पुष्टि नहीं हो रही है। जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आ रही। लेकिन 15-20 मरीजों की प्लेटलेट्स बराबर कम आ रही हैं। बुधवार को बुखार के 4 मरीज भर्ती किए गए। एक वार्ड फुल हो गया है।
अब दूसरे वार्ड में मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव गुप्ता ने बताया कि मौसम में बदलाव हो रहा है। बच्चे इस बदलाव का शिकार हो रहे हैं। प्रतिदिन 65 से 70 बुखार से पीड़ित उनके पास पहुंच रहे हैं। बच्चों में सर्दी और खांसी की शिकायत मिल रही है। एक वर्ष से कम के बच्चों में सर्दी की अधिक समस्या मिल रही है।