एटा। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में श्रम बंधु एवं कौशल विकास मिशन की समीक्षा बैठक सोमवार को आयोजित की गई। डीएम ने कहा कि निर्माण श्रमिकों के पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रगति सुधारें। इससे कि श्रमिकों को योजनाओं को लाभ मिल सके।
डीएम ने कौशल विकास मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थाओं द्वारा बैच संचालित करने में कोई समस्या है तो अवगत कराएं। शासन की महत्वाकांक्षी योजना दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत शिक्षार्थियों को गहनता से प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। उपस्थित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि लेबर सैस काटने के उपरांत समय से श्रम विभाग में जमा कराया जाए। खंड विकास अधिकारी शीतलपुर, सकीट, मारहरा, निधौलीकलां, अलीगंज, अवागढ़, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, सिंचाई, आरईडी सहित अन्य विभागों के तहत कार्यरत संस्थाओं द्वारा अधिष्ठान पंजीयन की प्रगति में सुधार लाया जाए।
डीएम ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी एवं पंजीकरण कराया जाए। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति काफी खराब है, इसमें सुधार किया जाए। सीएमओ, बीडीओ, डीएसओ द्वारा नियमित रूप से आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति पर प्रतिदिन समीक्षा की जाए, जिससे कि लोगों को पांच लाख तक के इलाज की सुविधा निशुल्क मिल सके।