एटा। सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने और बढ़ती दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में डीएम अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर अनिवार्य रूप से चेतक संकेतक लगाए जाएं और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने हाईवे पर बने सभी अवैध कटों को तुरंत बंद कराने का निर्देश दिया। अंधेरे में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जहां-जहां स्ट्रीट लाइट खराब हैं उन्हें तुरंत दुरुस्त कराने और जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं वहां लगवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही मोड़ और घुमावदार मार्गों पर रेडियम स्ट्रिप लगाए जाने के निर्देश दिए जिससे रात में वाहन चालकों को मार्ग स्पष्ट दिख सके। हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। विद्यालय वाहनों की जांच में उन्होंने एआरटीओ को बिना वैध परमिट वाले स्कूल वाहनों पर तत्काल कार्रवाई करने व बिना पंजीकरण व बीमा के चल रहे ई-रिक्शाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा। आगरा रोड और वसुंधरा क्षेत्र में नए सीसी मार्गों की साइड पर मिट्टी डालकर लेवलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए जिससे वाहन दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। रोडवेज बस स्टैंड के बाहर लगने वाले जाम पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कहा कि बसें सड़क पर खड़ी कर सवारी न बैठाएं। अवैध कटों को नगरपालिका की मदद से बंद कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में एडीएम लालता प्रसाद शाक्य, एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश, एएसपी अपराध योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता ललित अग्रवाल मौजूद रहे।