कर्मचारी के अभाव में गांधी मार्केट में खुला पड़ा पिंक शौचालय ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। यूं तो पिंक शौचालय का प्रयोग केवल युवतियों व महिलाओं के लिए है। शहर में नगर पालिका के एकमात्र पिंक शौचालय का इस्तेमाल महिलाएं व युवतियां नहीं बल्कि पुरुष कर रहे हैं। ऐसे में महिलाओं व युवतियों को इससे वंचित होना पड़ रहा है। नगर पालिका परिषद ने करीब डेढ़ साल पहले गांधी मार्केट में क्षेत्राधिकारी कार्यालय के पास पिंक शौचालाय का निर्माण कराया था। विवादों के बीच बड़ी मुश्किल से इस शौचालय को सुचारू रूप से चलाया गया, लेकिन वर्तमान में यह पिंक शौचालय नहीं बल्कि सार्वजनिक शौचालय बनकर रह गया है।
देखरेख के लिए कोई कर्मचारी को भी तैनात नहीं किया गया है। ऐसे में पुरुष इसमें बेधड़क प्रवेश कर जाते हैं। ऐसे में शर्म व झिझक के चलते महिलाएं व युवतियां इसका प्रयोग नहीं कर पा रहीं हैं। मंगलवार के दिन गांधी मार्केट में मंगल बाजार लगने के दौरान कई महिलाएं व युवतियां यहां खरीदारी के लिए आती हैं। उस दौरान महिलाओं को प्रसाधन के लिए सुरक्षित जगह नहीं मिल पाती है।