एटा। शासन की ओर से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज–4 के मंगलवार को जनता इंटर कॉलेज पिलुआ में एएसपी के नेतृत्व में महिलाओं और बालिकाओं को शिविर लगाकर जागरूक किया गया। एएसपी ने कहा कि महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को सरकार की ओर से इमरजेंसी नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर किसी भी मुश्किल में तत्काल सहायता मिलती है, इनको बहुत जरूर याद करने अथवा लिखकर रखना चाहिए।
एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा हमारा परम कर्तव्य है। यह जब भी किसी मुसीबत में हों, तत्काल विभिन्न हेल्पलाइन नंबर को डायल करें। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्प लाइन नंबर 1076, चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098, वन स्टाप सेंटर 181, साइबर अपराध होने पर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा के लिए हेल्पलाइन 102 व 108 जारी किए गए हैं, इन नंबरों पर कभी भी कॉल की जा सकती है। कहा कि इनके अलावा जनवाई पोर्टल, स्थानीय थाने की महिला हेल्पडेस्क संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय व राज्य महिला आयोग, जनपद न्यायालय में स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का भी लाभ लिया जा सकता है। इसके साथ ही थाना मिरहची पुलिस, राजा का रामपुर में सीओ अलीगंज सुधाशू शेखर और जलेसर क्षेत्र में भी मिशन शक्ति के तहत जागरुकता अभियान चलाए गए।