एटा। रविवार को मेडिकल कॉलेज की एमसीएच विंग में एक महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। जन्म लेने के बाद ही बच्ची की मौत हो गई। जबकि दूसरे बच्चे को गंभीर स्थिति में रेफर किए जाने पर उसका पिता ले गया था। करीब तीन घंटे तक दादी मृत नवजात को सीने से चिपकाए मेडिकल कॉलेज में रोती-बिलखती भटकती रही।
कासगंज जनपद के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव समोठी निवासी मुकेश की पत्नी रीता को शनिवार की रात प्रसव पीड़ा हुई। मुकेश अपनी मां के साथ पत्नी को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां रविवार की सुबह महिला को सामान्य प्रसव हुआ। एक बेटी और एक बेटे को उसने जन्म दिया। जन्म लेने के कुछ समय बाद ही बेटी की मौत हो गई। जबकि बेटे की हालत गंभीर थी। इस स्थिति में चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। जिसे लेकर मुकेश एंबुलेंस से चला गया। इसके बाद मृत बच्ची को लिए उसकी दादी तीन घंटे तक मेडिकल कॉलेज में बिलखती रही। बताया कि साथ में कोई नहीं है। बच्ची को कहां ले जाऊं। इस दौरान उसने घर के तंग आर्थिक हालातों का भी हवाला दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि बाद में महिला के अन्य परिजन आ गए थे। वह बच्ची को लेकर चले गए।