स्टेडियम में कबड्डी के ट्रायल के लिए प्रतिभाग करतीं खिलाड़ी। स्रोत खेल विभाग
एटा। प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिले की खिलाड़ियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुरादाबाद में 15 से 17 अक्टूबर तक होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले से 10 बालिका खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए किया गया है।जिला क्रीड़ा अधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि छह अक्टूबर को जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल आयोजित किए गए थे। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन मंडलीय स्तर के ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों ने सात अक्टूबर को आयोजित अलीगढ़ मंडल के चयन ट्रायल में प्रतिभाग किया। टीम में निशिता सिंह, प्राची कुमारी, याचिका, आराध्या, अनुष्का यादव, अन्नया, अनुष्का, पूजा, पूनम और उजाला को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों के साथ टीम मैनेजर कमल कांत को जिम्मेदारी दी गई है। जिला खेल कार्यालय ने मंडलीय स्तर पर खिलाड़ियों को प्रतिभाग कराने के लिए क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी, क्षेत्रीय खेल कार्यालय अलीगढ़ मंडल को पत्र भेजा है। मंडलीय ट्रायल में चयनित होने वाली खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों से ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद है। कबड्डी खिलाड़ियों के चयन को लेकर खेल प्रेमियों में भी उत्साह है।