मिरहची। थाना क्षेत्र मिरहची के गांव लोधामई में बुखार से पीड़ित एक मासूम बालिका की उपचार के दौरान मौत हो गई। मासूम का एक सप्ताह से जिला मुख्यालय पर एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। डेंगू की आशंका को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
लोधामई निवासी दूल्हे खां ने बताया कि डेढ़ वर्षीय पुत्री इसरा को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। जिसका उपचार कराने जिला मुख्यालय के एक निजी चिकित्सालय में ले गए। जहां मासूम ने बृहस्पतिवार की शाम दम तोड़ दिया। मासूम की मौत को लेकर गांव वालों में डेंगू का डर व्याप्त है। परिजन भी बालिका में डेंगू के लक्षण होने की बात कह रहे हैं। पीएचसी प्रभारी डॉ. राहुल यादव ने बताया कि बीमार मासूम का उपचार निजी अस्पताल में कराया गया था। सरकारी अस्पतालों में उपचार की पूरी सुविधा उपलब्ध है। गांव में बीमारी से ग्रस्त लोगों की जानकारी नहीं है। टीम भेजकर अन्य बीमार लोगों का परीक्षण कर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।