एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की मौत फंदा लगने से हो गई। परिजन उसके शव को लेकर घर चले गए। मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर जब पुलिस दिए गए पते पर पहुंची तो वहां मकान में ताला लगा मिला।
मोहल्ला तिलक नगर निवासी दिनेश अपनी भतीजी नेहा (22) को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। युवती के पिता प्रमोद कुमार लेखपाल हैं। उसके साथ आए चाचा ने बताया कि नेहा ने किसी कारण से फंदा लगा लिया था। उसे फंदे पर लटका देखकर उतारा और मेडिकल कॉलेज लाए। चिकित्सकों ने सूचना पुलिस को दी। मगर पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन उसके शव को लेकर मेडिकल कॉलेज से निकल गए।
मंडी पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि परिजन से फोन पर बात करने का प्रयास किया गया। मगर किसी प्रकार की सही बात पता नहीं चल सकी। कोतवाली प्रभारी अरुण पवार ने बताया कि अस्पताल से आए मीमो के आधार पर मामले की जानकारी लेने के लिए पुलिस कर्मियों को भेजा गया। मगर वहां कोई नहीं मिला। जब फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन बंद जा रहा था। संवाद
-
शराब में मिलाकर पी लिया विषाक्त पदार्थ, हालत गंभीर
एटा। थाना व कस्बा पिलुआ निवासी युवक मुकेश ने शराब के साथ मिलाकर विषाक्त पदार्थ पी लिया। जिसके बाद उसकी हालत खराब हो गई। परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजन ने बताया कि बुधवार की रात लगभग 11.30 बजे मुकेश ने घर के बाहर शराब में मिलाकर कोई जहरीला पदार्थ पी लिया था। संवाद