संवाद न्यूज एजेंसी
अलीगंज। लेखपाल एवं उसकी पत्नी के निधन के बाद एक महिला दस्तावेजों में हेरफेर कर मृतक आश्रित की पत्नी बनकर पेंशन ले रही थी। मामले में शिकायत पर उपजिलाधिकारी द्वारा कराई जांच के बाद महिला के खिलाफ रजिस्ट्रार कानूनगो ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया है।
नगर के मोहल्ला कूंचादायम खां निवासी लेखपाल विजारत उल्ला खां 30 नवंबर 1987 को लेखपाल पद से सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद 2 जनवरी 2013 को उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी साविया बेगम की इससे पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। इसी मोहल्ले की ही मोहसिना परवेज पत्नी फारुख अली पेंशन प्रपत्रों में साविया बेगम पत्नी विजारत उल्ला खां दर्ज कराकर पेंशन प्राप्त करने लगी। इस संबंध में शिकायत के आधार पर उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मामले की जांच करवाई। जांच में पाया गया कि मोहसिना ने पेंशन प्रपत्रों में साविया बेगम बनकर शासकीय धन का दुरुपयोग किया है। रजिस्ट्रार कानूनगो राजकपूर ने मुकदमा दर्ज कराया है।