एटा। राशन वितरण का समय होने के बावजूद बुधवार को वितरण नहीं किया गया। बृहस्पतिवार को खाद्य उपायुक्त ने निरीक्षण किया तो दुकानें बंद मिलीं। डीलर से दुकान खुलवाकर वितरण कराया। वहीं नोडल अधिकारी को नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य उपायुक्त अलीगढ़ मंडल मदन यादव ने बृहस्पतिवार को कोटा डीलरों की दुकानों का निरीक्षण किया। सबसे पहले अलीगंज तिराहा स्थित राशन की दुकान पहुंचे। यह दुकान बंद पाई गई। सूचना मिलने पर विक्रेता रामकुमार दुबे ने पहुंचकर दुकान खोली। दुकान खुलवाने के बाद कार्डधारकों को राशन वितरण की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
इसके बाद मारहरा ब्लॉक स्थित दतेई और सरनऊ का भी निरीक्षण किया। जहां पर दुकानें खुली पाई गई। लेकिन राशन का वितरण नहीं किया जा रहा था। वहां पर राशन वितरण कराने के निर्देश जारी किए गए। खाद्य उपायुक्त ने बताया कि नगर क्षेत्र में दुकान बंद मिलने पर नोडल अधिकारी देवेंद्र दीक्षित को नोटिस जारी किया गया है। वहीं अपनी देखरेख में राशन वितरण कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रामदत्त आदि मौजूद रहे।