एटा। पुलिस लाइन में सोमवार को पुलिस परिवार के बच्चों के लिए कैरियर काउंसिलिंग एवं मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया। विशेषज्ञों ने छात्रों को उनके उचित कैरियर के चुनाव के संबंध में तमाम जानकारियां दीं। कहा कि लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने से सफलता मिलती है। सकारात्मक सोच रखें और समय का सदुपयोग करें।
काउंसलर आरके पाराशर और योगेश त्रिवेदी ने कहा कि पढ़ाई के दौरान आने वाली चुनौतियों से छात्र-छात्राएं विचलित न हों। किसी भी विषय का चयन करें, लेकिन उस पर पूरा ध्यान दें। सफलता जरूर मिलेगी। अपनी रुचि के अनुसार कैरियर का चुनाव करें। पढ़ाई के दौरान तनाव से दूर रहने का प्रयास करते रहें। इंटरनेट का सदुपयोग करें। कहा कि सफलता में दैनिक अखबारों और पत्रिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इनको पढ़ना आदत में शामिल करें। काउंसिलिंग के दौरान वेलफेयर प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार शर्मा, आरक्षी दीपक चौधरी, प्रतिभा यादव मौजूद रहीं।