आवेदन फॉर्म भरने के लिए लगी लोगों की कतार।
एटा। तमाम निवेश कंपनियां जिले के लोगों के अरबों रुपये ले भागीं। सरकार के निर्देश पर फॉर्म जमा होना शुरू हुए तो ठगी पीड़ितों की कतार नहीं रुक रही। तीन दिन में 800 पीड़ितों ने फॉर्म जमा कर दिए हैं। अभी भी तमाम लोग शेष हैं।
प्राइवेट व लिमिटेड कंपनियों के नाम पर विभिन्न योजनाएं चलाई गई हैं। किसी ने कम समय में रुपये दोगुना करने का लालच दिया तो किसी ने कंपनी के बांड में निवेश कराकर मोटे मुनाफे की बात कही। लोग इनके झांसे में आ गए और अपने जीवन की मोटी कमाई जमा कर डाली। इसके बाद कंपनियां भागना शुरू हो गईं। कुछ लोग घर पर शांत बैठ गए तो कुछ लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। इसे लेकर सरकार ने पीड़ितों के फॉर्म जमा करने का आदेश दे दिया।
इस पर शनिवार से कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम वित्त एवं राजस्व कार्यालय में फॉर्म लेना शुरू किए गए। मंगलवार को तीसरे दिन भी फॉर्म जमा करने वालों की भीड़ कम नहीं थी। सुबह से ही जिले भर से लोग यहां पहुंच गए और तेज धूप के बीच कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। दोपहर 1 बजे तक फॉर्म भरवाए गए। अन्य को अगले दिन आने के लिए कह दिया गया।