एटा। डेबिट कार्ड कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे 80 डेबिट कार्ड भी बरामद किए गए हैं। यह लोग एटा के अलावा अन्य जिलों में भी वारदातें कर चुके हैं। गिरफ्तार सदस्य एटा के अलावा कासगंज और फिरोजाबाद के भी हैं।
एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में बताया कि कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने टीम के साथ आगरा रोड स्थित एक्सिस बैंक डेबिट के पास से पांचों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में संकित निवासी नगला धीमर थाना बागवाला, सचिन निवासी कैलाशगंज कोतवाली नगर, कैलाश नारायण उर्फ रानू निवासी नारखी जिला फिरोजाबाद, अवनीश निवासी रामपुर कीलरमऊ थाना बागवाला और जयकिशन उर्फ जैकी निवासी मिर्जापुर थाना सोरों जिला कासगंज शामिल हैं।
इनसे पुलिस ने 80 डेबिट कार्ड विभिन्न बैंकों के, 3 एंड्राॅयड फोन और 5 हजार रुपये बरामद किए हैं। एएसपी ने बताया कि इस गैंग के सदस्यों ने एटा, फिरोजाबाद जौनपुर सहित राजस्थान व मध्य प्रदेश में भी वारदातें की हैं। यह गैंग बनाकर एटीएम के आसपास मौजूद रहते हैं। सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाकर उनके डेबिट कार्ड बदल देते हैं। मदद करने के नाम पर उनसे पिन प्राप्त कर लेते हैं। इसके बाद अन्य एटीएम में जाकर उनके बैंक खातों से रकम निकालकर ठगी करने का इन्होंने पेशा बना रखा था। बताया कि इनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है। अवनीश, कौशल सचिन, जयकिशन पर एक-एक और संकित पर चार मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।