एटा। बीएसए ने नगर व शीतलपुर ब्लॉक क्षेत्र के छह विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन स्कूलों में साफ-सफाई ठीक नहीं मिली। इनके प्रधानाध्यापकों को नोटिस दिया। वहीं तीन विद्यालयों में पांच शिक्षक, शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। इस पर उनका वेतन, मानदेय रोकने की कार्रवाई की गई।
बीएसए संजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय यूनीवर्सल में सुबह 10:22 बजे पहुंचे। छात्र-छात्राएं मौजूद थे, लेकिन शिक्षक सहित शिक्षामित्र अनुपस्थित थे। उनका वेतन रोकने की कार्रवाई की। वहीं कंपोजिट विद्यालय यूनीवर्सल प्रथम में आठ बच्चे मौजूद मिले। शिक्षामित्र विनीता अनुपस्थित थीं, उनका मानदेय रोका। वहीं कक्षाओं का संचालन समय से न होने के कारण प्रधानाध्यापक को नोटिस दिया। इसके बाद वह कंपोजिट विद्यालय बापू विद्या मंदिर पहुंचे। यहां कक्षाओं का संचालन नहीं मिला। कम छात्र संख्या होने पर प्रधानाध्यापक को नोटिस दिया। वहीं साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी।
कंपोजिट विद्यालय पटियाली गेट के परिसर में भी साफ-सफाई ठीक नहीं मिली। कक्षाओं का संचालन नहीं मिला। प्रधानाध्यापक को नोटिस दिया। इसके बाद शीतलपुर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पहुंचे। यहां पंजीकृत 68 छात्रों के सापेक्ष 18 छात्र उपस्थित मिले। बच्चों की पढ़ाई का स्तर निम्न मिला। जबकि वहां तीन शिक्षक तैनात है। तीनों शिक्षकों को नोटिस देने की कार्रवाई की। प्राथमिक विद्यालय शीतलपुर में 140 बच्चों के सापेक्ष 40 उपस्थित मिले। शिक्षामित्र व सहायक अध्यापक अनुपस्थित थे। दोनों का वेतन, मानदेय रोकने की कार्रवाई की गई।