एटा। प्रधानमंत्री वर्ष 2025 तक भारत को टीबी से मुक्त करने का संकल्प ले चुके हैं। इसी के तहत जिले में टीबी रोगियों के लिए किए जा रहे कार्य के परिणाम भी सामने आ रहे हैं। दो दिन पहले टीबी कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि राज्य स्तर से जारी की गई रैंकिंग में एटा का नोटिफिकेशन का लक्ष्य 94 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में 2764 टीबी रोगी जिले में उपचार ले रहे हैं। कहा कि इसके सापेक्ष 2737 की एचआईवी सहित डायबिटीज जांच भी करा ली गई है। उन्होंने बताया टीबी रोगियों के उपचार पूर्ण करने सही होने की दर जनपद में 94 प्रतिशत है। इसके अलावा हर माह टीबी रोगियों को निक्षय पोषण योजना के तहत 500 रुपये दिए जा रहे हैं। डीटीओ ने ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों के साथ-साथ जनपद स्तरीय टीम को इसके लिए बधाई दी।
1844 को दिया लाभ
डीटीओ ने बताया निक्षय पोषण योजना के तहत 500 रुपये प्रतिमाह मरीजों को खानपान के लिए दिए जाते हैं। इससे रोगियों की सेहत दुरुस्त रहे। जिले में अब तक 1844 टीबी रोगियों को योजना का लाभ दिया गया है। शेष 920 रोगियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिया जाएगा।