एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित गांव शीतलपुर के पास कबाड़ के गोदाम में शनिवार की रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन टीम ने पहुंच कर करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान एक अग्निशमन कर्मी झुलस गया। जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
असम प्रांत के जिला दुबारी थाना व कस्बा जलारी पाड़ा निवासी उस्मान गनी, असलम, अफसार अली और कौसर अली आदि मिलकर कबाड़ का काम करते हैं। इन लोगों ने शीतलपुर के पास कबाड़ का गोदाम बना लिया है। इसमें रात में आग लग गई। इन लोगों का आरोप है कि गांव शीतलपुर निवासी मोनू, संदीप व दो अन्य लोग शराब के नशे में आए। शराब के लिए रुपये मांगने लगे। जब रुपये देने से मना किया तो गोदाम में आग लगा दी।
आग लगने की सूचना पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी केतन सिंह टीम के साथ पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान अग्निशमन कर्मी (आरक्षी) समीर खान झुलस गया। इसको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया गया।
कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर कुमार सिंह राघव ने बताया कि कबाड़ गोदाम में आग लगाने की तहरीर उस्मान गनी ने मोनू, संदीप सहित दो अन्य के खिलाफ दी है। मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।