मारहरा क्षेत्र में मगरमच्छ का रेस्क्यू करती वाइल्ड एसओएस की टीम। संवाद
मारहरा। कस्बे से सटे गांव सराय अहमद खां में मंगलवार को मगरमच्छ मिलने के बाद से लोग तालाब के पास जाने में कतरा रहे हैं। महिलाएं और बच्चे दहशत की वजह से तालाब से दूरी बनाए हुए हैं। शाम होने पर पुरुष भी तालाब के पास से गुजरने में डर रहे हैं। हाल यह है कि वे रास्ता बदलकर या फिर काफी दूर से होकर आ-जा रहे हैं। लोगों को आशंका है कि तालाब में एक और मगरमच्छ है। मंगलवार को गांव के तालाब में मगरमच्छ देखे जाने के बाद खलबली मच गई थी। तालाब में मगरमच्छ देखे जाने के बाद गांव के बच्चे-महिलाएं घरों में कैद हो गए थे। मगरमच्छ देखने के लिए गांव के लोग तालाब से कुछ दूरी पर एकत्रित हो गए। जानकारी पर पहुंची वन विभाग और आगरा की वाइल्ड लाइफ टीम ने रेस्क्यू करना चाहा, लेकिन तालाब में अधिक पानी होने पर उनको काफी परेशानी हो रही थी। तालाब का पानी निकालने के लिए ग्रामीणों ने तीन ट्रॉली इंजन की व्यवस्था की। ट्रॉली इंजन सेट करने में शाम हो गई। पानी कम होने के बाद टीम ने रेस्क्यू कर करीब चार फीट लंबे एक मगरमच्छ को पकड़ लिया। ग्रामीणों के तालाब में दो मगरमच्छ होने के दावे पर वन विभाग और आगरा की वाइल्ड लाइफ टीम ने उसकी तलाश की, लेकिन तालाब में दूसरा मगरमच्छ नहीं मिला। ग्रामीणों का दावा है कि तालाब में एक मगरमच्छ है और दूसरा उसका बच्चा है। तालाब में मगरमच्छ के बच्चे के न पकड़े जाने पर गांव के लोग अभी भी दहशत में हैं। नतीजा वे तालाब के आसपास जाने से बच रहे हैं।