एटा। जिले में इस बार किसानों ने समय से चना, मटर तथा सरसों की बुवाई कर ली है। वहीं गेंहू, जौ तथा मसूर की बुवाई अभी जारी है। इसको लेकर किसानों का कहना है कि इस बार अगर मौसम अनुकूल रहा तो चना, मटर तथा सरसों की अच्छी पैदावार होगी। ऐसे में उम्मीद से अधिक लाभ हो सकता है।
जिले में इस बार सरसों के रकबे में लगभग 10 हजार हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। इसके चलते जिले में इस बार 40 हजार हेक्टेयर में सरसों बोई गई है। वहीं इस बार मटर के रकबे में भी वृद्धि हुई है। इस बार जिले में लगभग 2.5 हजार हेक्टेयर में मटर की खेती की जा रही है। इसके साथ ही चने की बात करें तो जिले में 395 हेक्टेयर में इसकी बुवाई की गई है। अगर मौसम अनुकूल रहा तो इन फसलों का अच्छा-खासा उत्पादन होने की उम्मीद है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने बताया कि जिले में गेंहू के लक्ष्य 1.36 लाख के सापेक्ष लगभग 1.20 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी है। इसके अलावा जौ के लक्ष्य लगभग 11 हजार के सापेक्ष 9 हजार हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी है। मसूर के लक्ष्य 384 के सापेक्ष 370 हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी है। बाकी बची बुवाई भी 5 से 10 तक पूर्ण हो जाएगी।