एटा। सोशल मीडिया पर तीन फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के फोटो वायरल हो रहे हैं। ये जैथरा के हैं, जिसके बाद कस्बे के जन सेवा केंद्र संचालकों में कार्रवाई के डर से खलबली मची हुई है।
अलीगंज क्षेत्र में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के मामले में प्रशासन बड़ी कार्रवाई कर चुका है। पांच दुकानों को बंद कराकर एफआईआर कराई जा चुकी है। तहसील क्षेत्र के अन्य जन सेवा केंद्रों की भी जांच चल रही है। चार केंद्र संचालक दुकानें खाली कर भाग चुके हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर तीन प्रमाणपत्र वायरल किए गए हैं। दरअसल, जैथरा क्षेत्र के एक व्यक्ति ने आधार कार्ड बनवाने के लिए 3 बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र जैथरा के केंद्र संचालक से बनवाए। संचालक ने उसे स्वास्थ्य उप केंद्र एटा के नाम से जारी कर उपलब्ध करा दिए।
जब वह इन प्रमाणपत्रों को लेकर आधार कार्ड बनवाने बीआरसी पहुंचा, तो वहां मौजूद कर्मचारी ने जन्म प्रमाणपत्रों को फर्जी बताया। एफआईआर कराने की चेतावनी देते हुए इस व्यक्ति को भगा दिया। हालांकि उसकी ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं की गई है।
जन सेवा केंद्रों की जांच के लिए गठित राजस्व, ब्लॉक व नगर पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम तमाम सबूत जुटाने में लगी है। बीआरसी एवं पोस्ट ऑफिस पर जन्म प्रमाण पत्र के जरिए जारी आधार का डाटा जुटा रही है।