अलीगंज(एटा)। पहले से ही चर्चाओं में रहने वाले अलीगंज ने निकाय चुनाव में भी अपनी छाप छोड़ दी है। यहां पर बसपा प्रत्याशी सऊद अली उर्फ जुनैद मियां के घर पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छापा मारा। काफी संख्या में फर्जी आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट, कंप्यूटर व अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। फर्जी आधार कार्ड से मतदान कराए जाने की आशंका जताई जा रही है।नगर पालिका परिषद अलीगंज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जुनैद मियां बसपा से चुनाव मैदान में हैं। पुलिस और प्रशासन को दोपहर में सूचना मिली कि उनके आवास पर फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद छापा मारा गया तो सैकड़ों की संख्या में फर्जी दस्तावेज पाए गए। इनको पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। कंप्यूटर पर कार्य कर रहे 5 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, इनसे पूछताछ की जा रही है। जबकि बसपा प्रत्याशी सहित 6 लोगों के खिलाफ थाना प्रभारी की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया कराया गया है।
थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एडीएम वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी ने बताया कि कूंचादायम खां मतदान केंद्र के पास बसपा प्रत्याशी के घर से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सामान की फर्द तैयार कराकर मुकदमा दर्ज करा दिया है।
- जैथरा में भी मारा छापा
वहीं नगर पंचायत जैथरा में भी मुख्य बाजार में फर्जी आधार बनाने की सूचना पर पुलिस की ओर से छापा मारा गया। यहां से पुलिस ने अमर सिंह निवासी सूर्य नगर, शिवम निवासी मोहल्ला पालीवालान और रवींद्र निवासी मोहल्ला गांधी नगर को हिरासत में ले लिया। इनसे लैपटॉप, प्रिंटर, कीबोर्ड और माउस बरामद किया गया। प्रभारी निरीक्षक रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं की गई है, पूछताछ के लिए हिरासत में जरूर लिया गया था, बाद में छोड़ दिया गया।
कस्टडी में रखे गए भाजपा-बसपा प्रत्याशी
अलीगंज में मतदान प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी की आशंका की सूचना थी। इसको लेकर एहतियातन पुलिस ने पहले से ही भाजपा प्रत्याशी सुनीता गुप्ता और बसपा प्रत्याशी जुनैद मियां को थाने पर बैठा लिया। जिन्हें मतदान समाप्ति के बाद छोड़ा गया।