एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव अंबारी निवासी अवनीश और मोहित के साथ 21 जून को निकला विवेक चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। लापता विवेक की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगी हुई हैं लेकिन चार दिन बाद भी हाथ खाली हैं।
जिस विवेक पर अवनीश और मोहित की हत्या का आरोप है वह जिंदा है अथवा नहीं। यह भी एक पहेली बना हुआ है। पुलिस लापता विवेक की तलाश में दिन-रात एक किए हुए है। लगातार पुलिस की टीमें तलाश करने में जुटी हुई हैं। पहले दिन 21 जून को ही अवनीश का शव मिला था और अगले दिन 22 जून को मैनपुरी जिला में मोहित का शव मिला। दोनों युवकों के शव मिलने के बाद भी विवेक का नहीं आना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पहले दिन ही गांव में कुछ लोगों द्वारा उसे देखे जाने की बात कही गई है, जो उसके जिंदा होने की बात को बल देता है। रविवार को पांच दिन हो गए और दोनों के शव मिलने के बाद से चार दिन बीत चुके हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद से ही तलाश शुरू की हैं, लेकिन अब तक काेई सफलता नहीं मिली है। इधर दोनों मृतकों के कपड़े और मोबाइल नहीं मिलना भी पुलिस के लिए मुसीबत बने हुए हैं। इनकी तलाश में नहर की पटरियों की खाक पुलिस छान रही है।
कोतवाली देहात प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने बताया कि लापता विवेक की तलाश में इंटेलीजेंस, सर्विलांस और दो टीमें लगी हुई हैं। अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। जब तक विवेक नहीं मिल जाता है तब तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। लापता और मृतकों के कपड़े व मोबाइलों की तलाश रविवार को भी की गई है, लेकिन काेई सुराग नहीं मिल सका है।