एटा। कोतवाली देहात में अदालत के आदेश पर गांव फिरोजाबाद के चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़ित ने बेटे को नौकरी का झांसा देकर वेस्टइंडीज ले जाने और वहां बंधक बनाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
गांव नगला गलू निवासी अनेक सिंह ने बताया कि फिरोजाबाद जिले के एका थाना क्षेत्र के गांव नगला पोपी निवासी सोरन सहित चार लोगों ने उसके बेटे धीरज को अमेरिका में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। जुलाई 2019 में धोखे से वेस्टइंडीज ले गए। जहां उसे बंधक बनाकर रखा। इस दौरान नशीले इंजेक्शन दिए गए। वहां 16 मार्च 2021 को एक्सीडेंट में उसकी मौत की बात कही।
आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत उसके बेटे की हत्या की है। कोतवाली देहात प्रभारी सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दुर्घटना विदेश में होना बताया गया है, जांच की जाएगी।