एटा। मलावन में झोपड़ी में आग लगने के बाद फैला जला हुआ सामान। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। थाना मलावन क्षेत्र के एक गांव में युवती की दुकान व झोपड़ी में आग लगा दी गई। इसमें नकदी सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। युवती के परिजन के खिलाफ पूर्व में एक मुकदमा दर्ज कराया गया था, इसमें सभी की अदालत में पेेेशी थी। जमीन पर कब्जा करने के इरादे से आग लगाने का आरोप लगाया जा रहा है।
गांव नगला अगर निवासी प्रियंका की ओर से तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें कहा गया कि वह परिजन के साथ अदालत में पेशी पर गई थी। तभी उसकी दुकान और झोपड़ी में आग लगा दी गई।
युवती के भाई वीनेश ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते दुकान और झोपड़ी में आग लगाई गई है। आग लगने से दुकान में रखे सात हजार रुपये, परचून का सामान कीमत करीब 80 हजार और झोपड़ी में रखा घरेलू सामान कीमत करीब 30 हजार रुपये जलकर राख हो गए।
बताया कि गांव के ही कुछ लोग झोपड़ी व दुकान (खोखा) वाली जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। पूर्व में भी कब्जा करने का प्रयास किया गया था तब परिजन के साथ मारपीट की गई थी और झूठा मुकदमा पिता अवधेश कुमार, मां केशकली, बहन रूबी व प्रियंका, भाई टिंकू व मेरे खिलाफ दर्ज करा दिया था। इसी मामले में बृहस्पतिवार को अदालत में पेशी पर बुलाया गया। हम लोग अदालत में थे और यहां पर आग लगा दी गई।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि घर वाले तारीख पर गए थे। यहां दुकान व झोपड़ी में आग लगी है। तहरीर के आधार पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज लिया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।