एटा। प्रदूषण बढ़ने की वजह से लोगों को सांस के साथ कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका परिषद की ओर से भी लापरवाही बरती जा रही है। पालिका के कर्मचारी कूड़े के ढेर में आग लगा रहे हैं जिससे उठते धुएं से प्रदूषण हो रहा है।
शनिवार को नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने जीटी रोड स्थित सदर तहसील के सामने सैनिक पड़ाव में लगे कूड़े के ढेर में आग लगा दी, जिसकी वजह से धुआं होने के कारण से लोगों को सांस लेना मुश्किल हो गया। वहीं आंखों में धुआं जाने से लोगों को जलन महसूस होती रही।
पूरे दिन यहां पर आग जलती रही लेकिन किसी ने आग को बुझाने की जरूरत नहीं समझी। शनिवार को सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस होने की वजह से आला अधिकारी यहां से गुजरते रहे। उसके बाद भी किसी अधिकारी का जलते हुए कूड़े की ओर ध्यान नहीं दिया गया।
बोले लोग...
पालिका के कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। कूड़ा उठाने की जगह उसमें आग लगा दी जाती है जिससे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
- अभिषेक यादव, अलीगंज तिराहा
पालिका के कर्मचारियों द्वारा समय से कूड़ा उठाया जाए तो कूड़े के ज्यादा ढेर नहीं लगेंगे और लोगों को भी शहर साफ-सुथरा नजर आएगा। आग लगाने से दिन भर आंखों में जलन होती रही है।
- अरविंद कुमार, जीटी रोड
पालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा अगर कहीं भी कूड़े के ढेर में आग लगाई जाती है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- एसके गौतम, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद