एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म पीड़िता के परिजन को मुकदमा में समझौता नहीं करने पर लाठी-डंडों से पीटा गया। पुलिस ने पीड़ितों का मुकदमा तक दर्ज नहीं किया, इसके बाद शनिवार को समाधान दिवस में पीड़ित पहुंचे और उच्चाधिकारियों के संज्ञान लेने पर डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है।
हमला में घायल पिता ने बताया कि 12 अक्तूबर 2021 को गांव के ही रामू उपाध्याय ने शौच गई बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। इसका मुकदमा दर्ज कराया गया और शुक्रवार को गवाही थी। अदालत में गवाही देने के बाद घर पहुंचा तो आरोपी के परिवारीजन प्रवीन पचौरी, पवन कुुमार इसकी पत्नी पिंकी देवी और गौरव लाठी-डंडा लेकर घर पहुंचे और कहा कि गवाही देकर आ गया। अब बता मुकदमा में फैसला करेगा या नहीं।
पिता का आरोप है कि जब कहा कि मेरी बेटी के साथ गलत हुआ है मैं समझौता नहीं कर सकता। इतनी बात कहते ही सभी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, पत्नी और बेटा बचाने आए तो उनको भी पीटा गया। मेरा व पत्नी का सिर फट गया, जबकि बेटा को अंदरूनी चोटें आई हैं। बताया आरोपी रामू जेल में है।
बताया कि इसके बाद थाना कोतवाली देहात गए तो पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की और भगा दिया। शनिवार को तहसील में हो रहे समाधान दिवस में पहुंचा और अधिकारियों को पूरी बात बताई तब एक पुलिस कर्मी को साथ भेजा गया। तब थाना पुलिस ने डॉक्टरी कराई है और मुकदमा लिखने की बात कही जा रही है।
दुष्कर्म पीड़िता के परिजन के साथ मारपीट की गई है। जिसकी वजह से चोटें आई हैं। शुक्रवार को पीड़ित मेरे सामने नहीं आए, अन्य कोई मिला होगा, उसके कहने पर चले गए। शनिवार को तहसील दिवस में पहुंचे थे, मामला संज्ञान में आते ही पीड़ितों का डॉक्टरी मुआयना कराकर मुकदमा दर्ज करा दिया है।
- सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली देहात