निधौली कलां में मतदान करने को लगी कतार।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के एटा में निधौली कलां नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले कार्यकाल में भाजपा के खाते में रही निधौली नगर पंचायत पर इस बार भाजपा की जंग भाजपा के बागी नेता से है। पार्टी से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ी शिखा गुप्ता ने भाजपा प्रत्याशी के पसीने छुड़ा दिए।
नगर पंचायत निधौली कलां में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ मतदान केंद्रों पर उमड़ी। गर्मी बढ़ने के साथ मतदाताओं की भीड़ थोड़ी कम हुई। जिसके चलते एक समय तो बूथों पर सन्नाटा सा छा गया। लेकिन दोपहर के बाद एक बार फिर से मतदाता पूरे जोश-खरोश के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और मतदान किया। यहां के मतदाताओं का कहना था कि यहां भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच कड़ी टक्कर है।
कार्यकर्ताओं के मध्य विवाद की भी खबर आई सामने
कहीं भाजपा बाजी मारती दिख रही है तो कहीं निर्दलीय का वर्चस्व है। यहां वोट डालने के लिए तमाम महिलाएं अपने छोटे बच्चों को साथ लेकर के पहुंची और मतदान किया। वहीं धूप से बचाव के लिए कुछ महिलाएं व युवतियां छाता लगाए हुए भी दिखाई पड़ीं। बीच-बीच में एक-दो जगह प्रत्याशियों के बिस्तर पर कार्यकर्ताओं के मध्य विवाद की खबर सामने आई। लेकिन, अंत तक प्रक्रिया शांत रही।
ब्लॉक केंद्रीय पाठशाला के बूथों पर जमकर पड़े वोट
बात करें मतदान की तो भाजपा प्रत्याशी देवलाल लोधी और निर्दलीय प्रत्याशी शिखा के मध्य कड़ा मुकाबला रहा। कई जगह भाजपा प्रत्याशी का पलड़ा भारी रहा तो तमाम बूथों पर निर्दलीय भारी पड़ीं। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज और ब्लॉक केंद्रीय पाठशाला के बूथों पर भाजपा के जमकर वोट पड़े। इसके चलते भाजपा के नेता, अभिकर्ता तथा कार्यकर्ता काफी उत्साहित नजर आ रहे थे। वहीं डॉ. जाकिर हुसैन इस्लामियां इंटर कॉलेज के बूथों पर निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में मतदान होने से उनके खेमे में उत्साह दिखा।