एटा। शुक्रवार को दोपहर के समय डीएम सीएमओ कार्यालय का औचक निरीक्षण करने जा पहुंचे। कार्यालय में विश्व हृदय रोग दिवस पर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार सामग्री रखी मिली। जबकि शुक्रवार को यह दिवस मन भी गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए।
कार्यालय में डीएम प्रेमरंजन सिंह के पहुंचते ही कुछ कर्मचारी और अन्य लोग बाहर निकलने लगे। डीएम ने कार्यालय के गेट को बंद करा सुरक्षा गार्ड लगा दिए। किसी को प्रवेश न देने के निर्देश दिए। डीएम के कार्यालय पहुंचने की सूचना के बाद सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी वहां पहुंचे। फार्मासिस्ट सुबोध मिश्रा से दवाओं के वितरण आदि की जानकारी ली। लेखाकक्ष में गंदगी मिलने पर लेखाकार रूपेश शर्मा, वरिष्ठ सहायक राजराम राना, सैयद सलमान से स्पष्टीकरण देने को कहा। लेखाकार रोहित कटियार से आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय वितरण की जानकारी ली।
डीएम ने बताया 3 से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग अभियान चलेगा। इसी को लेकर कार्यालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा गया। सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि कार्यालय में सफाई अभियान चलाएं, गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। जो फाइल अनावश्यक हैं, उनका निस्तारण कराएं। तैनात पटल सहायकों की जिम्मेदारी है कि वह अपने पटल को स्वच्छ रखें तथा अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। वहीं कार्यालय में प्रवेश द्वार के समीप पौधरोपण करने को कहा।