एटा। प्रतियोगी परीक्षा का पेपर खराब हो जाने के बाद छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। पूरी घटना थाना रिजोर के गांव घंघुरिया की है। थाना पुलिस को घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।गांव घंघुरिया निवासी मनोज कुमार ने बताया कि चचेरी बहन सिंकी (23) स्नातकोत्तर की परीक्षा दे रही है। इसके साथ ही वह किसी प्रतियोगी परीक्षा की भी तैयारी कर रही थी। बृहस्पतिवार की देर शाम वह अपने कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। परिजन ने सोचा कि कमरे में सो रही होगी मगर काफी देर तक भी जब बाहर नहीं निकली तो चिंता हुई। जिसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो सिंकी दुपट्टे का फंदा लगाकर पंखे के कुंदे से लटक रही थी। यह देखकर परिजन के पैरों तले जमीन खिसक गई, शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और दरवाजा तोड़कर छात्रा को फंदे से उतारा। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे, यहां चिकित्सक ने सिंकी को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ सकीट कीर्तिका सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। कोई शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।