एटा। सड़क पार करते समय गांव सुन्ना पर शनिवार की शाम एक महिला घायल हो गई। गंभीर हालत में उसको एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।गांव सुन्ना निवासी शांति देवी (50) शनिवार की शाम को गांव के बाहर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान किसी लोडर वाहन की चपेट में आ गईं। मृतका के भतीजे सुरेंद्र ने बताया कि चाची देर शाम अपने खेतों से घर आ रही थी। सड़क पार करते समय अनियंत्रित लोडर वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई मीटर दूर जा गिरीं। हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची थाना पिलुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। थाना प्रभारी संजय राघव ने बताया कि लोडर वाहन की तलाश की जा रही है।