शिकोहाबाद मार्ग पर कार की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई बाइक और मौके पर लगी भीड़। स्रोत वीडियोग्रेव
एटा। शहर के शिकोहाबाद रोड स्थित प्रेम नगर चौराहे पर एक कार चालक की लापरवाही से कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में एक दुकान का काउंटर और आइसक्रीम का ठेला टूट गया। जबकि एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और चालकों को पकड़कर कोतवाली ले आई।घटना स्थल पर मौजूद रोहित ने बताया कि शिकोहाबाद की ओर से आ रही कार में पीछे से दूसरी कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आगे वाली कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। जबकि पीछे वाली कार दुकान के काउंटर, खड़ी बाइक और आइसक्रीम के ठेले से टकरा गई। इस टक्कर से काउंटर पर बैठा दुकानदार बाल-बाल बच गया। जबकि वहां रखा हुआ सारा सामान गिरकर खराब हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय आसपास कोई राहगीर नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और यातायात को सुचारू कराया। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि घटना में शामिल दोनों कारों के चालकों को बुलाकर समझाया गया। उन्हें भविष्य में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के निर्देश दिए।