एटा। अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक आने से किसान की मौत हो गई। वह सकीट थाना क्षेत्र के गांव गढि़या यादगारपुर का निवासी था। रिजोर थाना क्षेत्र में शिकोहाबाद मार्ग पर बाजार कर घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। गांव गढि़या यादगारपुर निवासी हरिश्चंद्र (50) मंगलवार की देर रात बाजार से घर लौट रहे थे। रास्ते में शिकोहाबाद मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस व परिजन को सूचना देते हुए एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने हरिश्चंद्र को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस आ गए। सीओ सकीट कीर्तिका सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और शव का पोस्टमार्टम कराया है।